नैनीताल। सप्ताहांत बीता और सोमवार आते-आते नैनीताल पहुंचे अधिकतर सैलानी यहां से लौट गए। नतीजा यह रहा कि अधिकतर पर्यटक स्थलों पर भीड़भाड़ कम नजर आई। अस्थायी पार्किंग स्थल भी सोमवार को खाली रहे। सैलानियों के जाने से यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने चैन की सांस ली।
कोरोना की दूसरी लहर के थमने के बाद जैसे ही सरकार ने कोरोना कर्फ्यू में ढील दी तो दिल्ली, महाराष्ट्र, नोएडा और उत्तर प्रदेश आदि प्रांतों से सैलानियों का हुजूम हिल स्टेशनों की ओर बढ़ चला। नैनीताल भी इससे अछूता नहीं रहा और यहां बीते शुक्रवार से रविवार तक 30 से 40 हजार सैलानी पहुंचे। सैलानियों की भीड़ को देखते हुए सप्ताहांत में बाहर से आने वाले सैलानियों के दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगानी पड़ी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का असर यह रहा कि बीत चुके सप्ताहांत में नगर के भीतर और बाहर कहीं भी न तो जाम लगा और न ही वाहन रेंगते दिखे।
दो-तीन दिन घूमक्कड़ी के बाद रविवार दोपहर बाद से नैनीताल पहुंचे सैलानी अपने घरों को लौटने लगे थे। सोमवार सुबह भी बड़ी संख्या में सैलानियों ने शहर से वापसी की। इस कारण सोमवार को नैनीताल के पर्यटक स्थलों पर ज्यादा रौनक नहीं रही। एक अनुमान के मुताबिक सोमवार को नैनीताल में चार से पांच हजार सैलानी ही थे। सैलानियों ने सोमवार को नौकायन और घुड़सवारी का आनंद भी उठाया।
तीन दिन में 10 करोड़ से अधिक का कारोबार
नैनीताल। सप्ताहांत के मौके पर नैनीताल में सैलानियों के उमड़ने से पर्यटन कारोबारियों की बल्ले-बल्ले हो गई। जानकारों की मानें तो शुक्रवार से रविवार तक नैनीताल शहर में दस करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। नौकायन, घुड़सवारी, रोपवे, चिड़ियाघर, वाटर फॉल, बॉटनिकल गार्डन, केव गार्डन जैसे स्थानों पर भी पर्यटकों ने मौज मस्ती में अच्छी खासी रकम खर्च की। शराब की दुकानों में सैलानियों का जमघट दिखा। जानकारों की मानें तो औसतन एक परिवार में चार से पांच लोग होते हैं और एक परिवार मौज मस्ती में प्रतिदिन 15 हजार रुपये तक खर्च करता है। ऐसे में पर्यटन से करीब दस करोड़ से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है।
भुजान के पास पुलिस ने कोविड निगेटिव रिपोर्ट मांगी
गरमपानी। खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग पर भुजान के पास पुलिस ने बाहरी राज्यों से रानीखेत की तरफ जाने वाले वाहनों को रोककर जांच की। एसआई बृजमोहन भट्ट ने बताया कि बाहरी प्रांत के पर्यटकों से कोविड निगेटिव रिपोर्ट मांगी जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही उन्हें रानीखेत की तरफ भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मार्ग से गुजरने वाले लोगों के कोरोना सैंपल भी लिए।