हल्द्वानी। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने नशा तस्करों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन नार्को स्ट्राइक शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू से निर्मित पदार्थ बेचने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्यवाही करेगी।
पुलिस के अनुसार नशे का धंधा करने वाले पुराने तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर, गुंडा और जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी। नशीली दवाओं के कारोबार में शामिल दवा विक्रेताओं और मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ सूचना एकत्र कर ड्रग इंस्पेक्टर की राय लेकर कार्यवाही की जाएगी। नशे की गिरफ्त में आए छात्रों को चिन्हित कर उनके अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग कराई जाएगी। ढाबों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला पुलिस ने नशा तस्करों को पकड़ने के लिए ड्रग्स टास्क फोर्स का नंबर 7519051905 और 9719291929 जारी किया है। दोनों नंबरों पर फोन, व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
छात्रों को बेचता था चरस, पकड़ा गया
हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने लामाचौड़ स्थित एक नशा मुक्ति के सामने से बुधवार की शाम 384.8 ग्राम चरस के साथ बागेश्वर जिले के बदियाकोट कपकोट निवासी पुष्कर राम को गिरफ्तार कर लिया। पता चला कि वह छात्रों को चरस बेचने आया था। मुखानी थानाध्यक्ष कवींद्र शर्मा ने बताया कि चौकी प्रभारी त्रिभुवन जोशी की टीम ने पुष्कर को धर दबोचा।