हल्द्वानी। प्रदेश के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह एसआईआर प्रक्रिया के तहत गणना प्रपत्र वितरण के कार्य में तेजी लाएं।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल सहित नगर आयुक्त हल्द्वानी, समस्त उप जिला अधिकारियों/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजने के भी निर्देश दिए। दुम्का शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत बांटे जा रहे गणना प्रपत्रों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सभी ईआरओ व एईआरओ अपने क्षेत्र में गणना पत्र वितरण कार्य कर रहे सुपरवाइजर, बूथ स्तरीय अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखें और समय-समय पर संचालित गणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण भी करें।