नैनीताल। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की बैठक प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल की अध्यक्षता में बीडी पांडे महिला जिला अस्पताल परिसर में हुई। बैठक में विभिन्न मांगों को लेकर 15 सितंबर को देहरादून में होने वाली रैली की तैयारियों पर चर्चा हुई।
कुंजवाल ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2012 में आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। उसके बाद उन्होंने बोनस देने की भी घोषणा की लेकिन दोनों घोषणाएं आज तक पूरी नहीं हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों से आशा कार्यकर्ता बिना मानदेय के कार्य कर रही हैं लेकिन सरकार उनको मानदेय नहीं दे रही हैं। बैठक में तय किया गया कि 15 सितंबर को मांगों को लेकर देहरादून में जवाब दो-हिसाब दो रैली निकाली जाएगी। बैठक में सभी आशा कार्यकर्ताओं से रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। बैठक में सुनीता, निर्मला चंद्रा, कुसुमलता सनवाल, राधा राणा, अलका खाती, गीता नैनवाल, दीपा अधिकारी, कमल बिष्ट, दुर्गा टम्टा, माधवी, सुमन, भगवती शर्मा, चंद्रा सती व भावना आर्या ने विचार रखे। ब्यूरो