भीमताल। मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। विभाग ने भीमताल में विकास भवन की कैंटीन से और बेतालघाट में तीन अलग-अलग दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए कब्जे में लिए।
सुबह सबसे पहले टीम बिड़ला इंस्टीट्यूट और ग्राफिक ऐरा पर्वतीय विवि के छात्रावासों की मैस में पहुंची। ग्राफिक ऐरा प्रबंधन को मैस में बर्तनों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके बाद विकासभवन की कैंटीन से पकौड़ी के सैंपल लिए गए।
दोपहर बाद बेतालघाट में तीन दुकानों से सूजी, चने की दाल और राजमा के नमूने लिए गए। नैनीताल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी ललित मोहन पांडे ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए रुद्रपुर भेजा जाएगा।