नैनीताल। कोरोना संक्रमण के चलते नगर के अम्तुल्स स्कूल ने अपने 35 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी है।
नौकरी से निकालने के विरोध में कर्मचारियों ने मंगलवार को स्कूल के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना था कि स्कूल प्रबंधन जीवनभर की पूंजी के नाम पर मात्र डेढ़ लाख रुपये देकर हमें नौकरी से निकाल रहा है। कहा कि ऐसे महामारी के वक्त नौकरी से निकालना उनके परिवारों के लिए बड़ा झटका है।
शिक्षक कर्मचारी संघ की अध्यक्ष ललिनी नेगी ने बताया कि कर्मचारियों को बीते दो माह से वेतन नहीं दिया गया था। जब कर्मचारियों ने प्रबंधन से वेतन की मांग की तो प्रबंधन की ओर से 35 कर्मचारियों को उनकी सेवा समाप्ति का आदेश थमा दिया। कर्मचारियों की मांग है कि प्रबंधन इस फैसले को वापस ले। वहीं स्कूल की प्रधानाचार्या अनीता खान ने बताया कि सेशन बंद कर दिया गया है, इसके चलते कर्मचारियों को उनका पूरा बकाया सहित एक माह का अतिरिक्त वेतन देने के बाद फिलहाल उनकी सेवा समाप्त की गई है। कहा 15 दिनों के भीतर आवास ख़ाली करने पर धनराशि उनके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। वहीं, स्कूल प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।