रामनगर (नैनीताल)। स्थानीय तहसील में अब दो तहसीलदार हो गई हैं। नई तहसीलदार पूनम पंत बृहस्पतिवार शाम टनकपुर से यहां पहुंच गईं थीं, लेकिन चार्ज शुक्रवार को ही ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण करना है। जो भी दायित्व दिया जाएगा, उसका ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा।
वहीं निर्वाचन आयोग ने यहां की तहसीलदार प्रियंका रानी का तबादला चंपावत जिले की टनकपुर तहसील में कर दिया था। इसलिए डीएम ने प्रियंका को छह मार्च को रिलीव कर दिया। प्रियंका ने गर्भवती होने का हवाला देकर निर्वाचन आयोग से अपना तबादला रुकवाने का अनुरोध किया था। इस पर राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव बीएम मिश्र ने सात मार्च को ही प्रियंका का तबादला रोक दिया है। निर्वाचन कार्यों से पूर्णत: अलग रखते हुए जिला, तहसील में निर्वाचन संबंधी पदीय दायित्वों के निर्वहन हेतु डीएम नैनीताल के स्तर से अलग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये। नई तहसीलदार पूनम ने बताया कि उन्होंने डीएम के निर्देश पर कार्यभार ग्रहण किया है जबकि मोबाइल फोन बंद होने के कारण तहसीलदार प्रियंका का पक्ष नहीं मिल सका।
रामनगर में दो तहसीलदार
नई तहसीलदार ने कार्यभार लिया, पुरानी तहसीलदार ने रुकवाया तबादला
मामला संज्ञान में है। इस प्रकरण का शीघ्र समाधान निकाल लिया जाएगा।
- विनोद कुमार सुमन, डीएम, नैनीताल।