नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के यूजीसी-एचआरडीसी सभागार में शनिवार को यूनियन काउंसिल ऑन सोशियल साइंस एंड रिसर्च की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कुविवि के कुलपति प्रो. डीके नौड़ियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई कार्यशाला में संस्था के मेंबर सेकेट्री प्रो. विरेंद्र कुमार मेहरोत्रा ने प्रोफेसरों और शोध छात्रों को केंद्र सरकार की ओर से शोध कार्यों के लिए संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
प्रो. मेहरोत्रा ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से वर्तमान समय में शोध कार्यों को लेकर बहुत से बदलाव किए जा रहे हैं जिससे शोध कार्यों में लगे विद्यार्थियों को कार्य करने में सरलता होगी। उन्होंने बताया कि बहुत सी योजनाएं ऐसी भी हैं जिसमें किसी प्रोजेक्ट पर कई संकाय एक साथ काम कर सकते हैं। कुलपति प्रो. डीके नौड़ियाल ने कहा कि कार्यशाला के आयोजन का उद्देश्य छात्रों को शोध कार्यों से जुड़ी नई जानकारियों से अवगत कराना था। इस दौरान डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. एलएम जोशी, प्रो. राजीव उपाध्याय, प्रो. पीसी कविदयाल, प्रो. संजय पंत, प्रो. एके शर्मा, प्रो. जीएस नेगी, प्रो. नीता बोरा शर्मा, प्रो. एलएस बिष्ट, प्रो. सावित्री जंतवाल, प्रो. ललित तिवारी आदि मौजूद रहे।