रानीखेत (अल्मोड़ा)। जीआईसी सिलोर महादेव में आयोजित छात्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक करन माहरा ने अनुशासन और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यालय की विज्ञान ड्रामा टीम ने राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। इस मौके पर टीम को सम्मनित किया गया। अब यह टीम 20 दिसंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेगी। विधायक ने विद्यालय के विकास के लिए अपनी निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने बालिका सशक्तीकरण के लिए सभी से एकजुट होने पर भी जोर दिया।
विधायक का विद्यालय में पहुंचते ही भव्य स्वागत किया गया, बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समां बांध दिया। विधायक ने कहा कि निरंतर गिर रही सरकारी शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए वह विधानसभ में हर बार प्रयास कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री से भी इस संबंध में वार्ता हुई है। उन्होंने कम संसाधनों के बावजूद प्रतियोगिताओं में अव्वल आ रहे बच्चों के प्रयासों को सराहा। विधायक ने फर्नीचर के लिए दो लाख रुपये और क्रीड़ा सामग्री खरीद के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान बालिका अभ्रिपेरणा शिविर भी आयोजित हुआ। विधायक ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी से प्रयास करने पर जोर दिया। शिक्षकों ने विद्यालय विकास को लेकर मांग पत्र भी सौंपा। प्रधानाचार्य हरी दत्त भट्ट ने अतिथियों का आभार जताया। संचालन नरेश कुमार, प्रेम चंद्र कांडपाल, राजमणि मौर्य ने किया। इस दौरान विनय पांडेय, पीटीए अध्यक्ष प्रभात सिंह, एसएमसी अध्यक्ष राम सिंह नेगी, रवींद्र संह खाती, तारा बिष्ट, महेंद्र खाती, विजय बिष्ट आदि मौजूद थे।