हल्द्वानी। काठगोदाम में चल रहा सीवर लाइन निर्माण कार्य अब लोगों के लिए राहत नहीं बल्कि आफत बनता जा रहा है। नैनीताल रोड के एक बड़े हिस्से में करीब 10 से 12 मीटर लंबी और चार से पांच इंच चौड़ी दरार पड़ गई है। इससे यहां यातायात जोखिम भरा हो गया है।
काठगोदाम में नरीमन पेट्रोल पंप के पास सीवर लाइन के लिए चल रही खोदाई के बाद सही तरीके से भरान नहीं किए जाने और लगातार बारिश के चलते सड़क धंस गई। स्थिति यह है कि दरार लगातार फैल रही है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस हिस्से को पार करने के लिए मजबूर हैं।
एक सप्ताह पहले सड़क किनारे धंसा था ट्रक
सीवर लाइन की खुदाई वाले क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व एक ट्रक भी फंस गया था। बताया जाता है कि सड़क से गुजरते समय ट्रक का एक पहिया उस स्थान पर चला गया जहां खुदाई के बाद मिट्टी भरी गई थी। मिट्टी धंसने से ट्रक का अगला पहिया फंस गया, जिसे काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला जा सका।
-
धीमी रफ्तार का काम, तेज़ी से बिगड़ते हालात
काठगोदाम क्षेत्र में पिछले एक महीने से अधिक समय से सीवर लाइन का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। इसके चलते नैनीताल रोड पर दो लेन की सड़क जगह-जगह सिंगल लेन में बदल चुकी है। इससे रोजाना लंबा जाम लग रहा है। बारिश में कीचड़ और धूप के दौरान उड़ती धूल ने हालात और खराब कर दिए हैं। जनता के लिए यह निर्माण कार्य अब सुविधा कम और परेशानी ज्यादा बन चुका है।
यातायात का दबाव बढ़ने से खतरा
आगामी वीकेंड और कैंची धाम मेले के चलते नैनीताल रोड पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ने की आशंका है। ऐसे में यदि समय रहते इस दरार की मरम्मत नहीं की गई तो स्थिति और विकट हो सकती है।
-
लोनिवि बोला-सड़क यूयूएसडीए को हैंडओवर
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने का कहना है कि संबंधित सड़क हाल ही में यूयूएसडीए को हस्तांतरित की जा चुकी है और अब मार्ग के रखरखाव की जिम्मेदारी उसी संस्था की है।
-
संबंधित अधिकारियों के अनुसार मौके पर तीन मीटर गहराई की ट्रंच खोदी गई है जिसका अभी भरान नहीं हुआ है। ऐसे में कभी बारिश और कभी तेज धूप के कारण सड़क पर दरार आई है। कार्यदायी संस्था को दरार आने के सही कारणों का पता लगाने और मौके पर सुरक्षात्मक कार्य करने के निर्देश दे दिए गए हैं। -एपी बाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी