यूजेवीएन लिमिटेड की बोर्ड बैठक में 33.75 मेगावाट की ढकरानी जल विद्युत परियोजना के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण के पूंजीगत निवेश के लिए उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग में याचिका दायर करने को मंजूरी दी गई। वहीं पिथौरागढ़ स्थित 12 मेगावाट की तालुका लघु जल विद्युत परियोजना की डीपीआर स्वीकृत की गई।
यूजेवीएन के मुख्यालय उज्ज्वल में हुई बैठक में तालुका कालीगंगा की सहायक नदी सिमखोला गाड़ पर बनने वाली ताकुला लघु जल विद्युत परियोजना में करीब 131 करोड़ की लागत आएगी।
यूजेवीएन लिमिटेड के सहायक जनसंपर्क अधिकारी विमल डबराल ने कहा कि ढकरानी जल विद्युत परियोजना बहुत पुरानी परियोजना है, इसकी तीन टरबाइनों में दो 1965 और एक 1970 की है। परियोजना के आधुनिकीकरण से परियोजना की उम्र करीब 35 वर्ष बढ़ जाएगी।
निगम को 24 करोड़ का फायदा:
बोर्ड बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड के वित्तीय वर्ष 2016-17 का बजट स्वीकृत किया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय क्रेडिट एजेंसी फिच ने यूजेवीएन लिमिटेड की क्रेडिट रेटिंग बीबीबी से ए कर दी है।
इससे निगम को 24 करोड़ का फायदा हुआ है। बैठक में सहकारी क्षेत्र की बाजपुर एवं नादेही चीनी मिलों में बगास आधारित कैपेटिव पावर प्लांट के निर्माण एवं संचालन के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।
बैठक में अध्यक्ष उमाकांत पंवार, प्रबंध निदेशक एसएन वर्मा, डायरेक्टर परिचालन बीसी के मिश्रा, निदेशक वित्त एलएन वर्मा, निदेशक परियोजना जगदीश सिंघल, निदेशक एचआर अविनाश जोशी, कंपनी सेक्रेट्री अरुण सबरवाल आदि मौजूद रहे।