कोटद्वार तहसील के डाडामंडी क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में जलने से मौत हो गई। संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी नायब तहसीलदार और तहसीलदार मजिस्ट्रेट को दी। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेजा गया।
राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कोटद्वार तहसील के धुलगांव पट्टी लंगूर पल्ला-3 में परिजनों ने 11 महीने पहले ही ब्याही गई मेघा देवी (22) पत्नी रोहित की जलकर मौत की सूचना दी। ससुराल पक्ष के लोगों ने मृतका के मायके पक्ष के लोगों को जानकारी देकर घटनास्थल पर बुलाया। तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया कि मौके पर महिला का जली हुई अवस्था में कपड़े से ढका शव मिला। शव का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था। जीभ बाहर निकली हुई थी। एक कमरे में मिट्टी का तेल एक छोटे डिब्बे में राजस्व पुलिस को मिला। मृतका के ससुर ने बताया कि घटना के समय घर पर कोई अन्य सदस्य नहीं था। मृतका का पति रोहित भी बाहर रहता है। महिला की आवाज सुनकर और घर में धुआं देखकर लोग घर में पहुंचे। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। राजस्व उप निरीक्षक राजेश राणा ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव कोटद्वार भेजा गया है। मृतक के मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अपराध पाए जाने पर मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया जाएगा।