दुगड्डा/कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के दुगड्डा रेंज के सिलगाड बीट के जंगल में घास लेने के लिए गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया। परिजन महिला को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर कर दिया है। घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दुगड्डा के पास स्थित सरूड़ा गांव निवासी पुष्पा देवी (42) पत्नी सुरेंद्र सिंह नेगी गांव की तीन अन्य महिलाओं के साथ मंगलवार सुबह दुगड्डा रेंज के जंगल में घास लेने जा रही थी। इस दौरान तलगांव के समीप झाड़ी में छिपा बाघ अचानक उन पर झपट पड़ा। बाघ को अपनी ओर आता देख सबसे आगे चल रहीं कविता देवी नीचे झुक गई। जबकि उनके पीछे चल रहीं पुष्पा देवी बाघ के हमले से जमीन पर गिर गई। असफल रहने के बाद बाघ ने वहां मौजूद महिलाओं पर दोबारा हमले का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने शोर मचा दिया। जिसके बाद वह भाग खड़ा हुआ। घटनास्थल रेंज कार्यालय से महज एक किमी की दूरी पर बताया जा रहा है।
इसके बाद महिलाएं घायल पुष्पा देवी को लेकर घर पहुंचीं और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन पुष्पा देवी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा ले गए। चिकित्सक डॉ. मोना ने बताया कि हमले में पुष्पा देवी का हाथ फ्रैक्चर हो गया। जबकि कमर के बायें हिस्से व पैर में बाघ के पंजों से गहरे जख्म हो गए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत बन गई है।
रेंजर प्रमोद डोबरियाल ने बताया कि महिला पर वन्यजीव के हमले की सूचना मिली है। उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है। घटनास्थल का मौका मुआयना करने के लिए टीम भेजी जा रही है। हमलावर वन्यजीव को महिलाएं बाघ बता रही हैं। पंजों के निशान देखने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा। क्षेत्र में बाघ की संभावना कम लग रही है। गुलदार होने की ज्यादा संभावनाएं हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जंगल में अकेले आवाजाही नहीं करने की अपील की है।
2022 में भी इसी जगह बाघ ने वृद्ध को किया था घायल
जिस जगह पर बाघ ने पुष्पा देवी पर हमला किया इसी जगह पर वर्ष 2022 में भी बाघ ने एक वृद्ध पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। घटना 11 सितंबर, 2022 की थी। उस दिन दुगड्डा से अपने गांव अल्दावा लौट रहे शंभू प्रसाद खर्कवाल (72) बाघ के हमले में घायल हो गए थे। उनका देहरादून में करीब दो माह तक उपचार चला था।
तलगांव में जिस स्थान पर बाघ ने हमला किया हैं, वहां से अल्दावा, कूरीखाल और सिद्धपुर गांव के ग्रामीण प्रतिदिन दुगड्डा बाजार आवाजाही करते हैं। इस क्षेत्र में वर्तमान में जल जीवन मिशन और रिवाली कंपार्टमेंट में पेड़ कटान का कार्य भी चल रहा है। दुगड्डा से साझासैंण स्थित ब्लॉक मुख्यालय तक लोग पैदल आवाजाही करते हैं। हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्राम प्रधान माधुरी धूलिया, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश धूलिया, दिवाकर धूलिया, कृपा राम खर्कवाल आदि ने क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाने की मांग की है।