दुगड्डा ब्लाक के अंतर्गत जुवा, भैड़गांव, बोरगांव, बंगला आदि गांवों के ग्रामीणों का लंगूरगाड नदी में पुल निर्माण की मांग को लेकर धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। जुवा गांव से ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और धरना दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुल निर्माण के नाम पर सरकार की ओर से महज आश्वासन ही मिलते रहे हैं। पुल के अभाव में बरसात के दिनों में उन्हें जंगल के रास्ते खड़ी चढ़ाई चढ़कर कई किमी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि पुल निर्माण होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन करने वालों में उपप्रधान जितेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज कंडवाल, कन्हैया सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह, विनीता देवी, मातबर सिंह, शशि देवी, सुनीता देवी, यशोदा देवी, दीपक चौधरी, मनोज सिंह, दीपा देवी, रजनी, मान सिंह और अजय बिष्ट आदि शामिल रहे।