वार्ड नंबर 37 पश्चिमी झंडीचौड़ स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभिभावक शिक्षक संघ की बैठक में एक परिसर में चल रहे तीन विद्यालयों के संचालन में आ रही दिक्कत को देखते हुए इससे सटी 10 बीघा सरकारी भूमि विद्यालय के लिए आवंटित करने की मांग की गई।
पार्षद सुखपाल शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झंडीचौड़ पश्चिमी में 1989 से प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहा है। तब इस विद्यालय के पास करीब चार बीघा भूमि थी। वर्ष 2006 में यहां पर उच्च प्राथमिक विद्यालय खुला, लेकिन जमीन अलग से नहीं मिल पाई। वर्ष 2017 से प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही हाईस्कूल भी खोल दिया गया। हाल यह है कि एक ही परिसर में तीन स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों की खेल, प्रार्थना और अन्य गतिविधियों के लिए जगह की भारी कमी है।
अभिभावकों ने एक स्वर से प्रस्ताव पारित कर शासन और प्रशासन से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन के लिए स्कूल परिसर से सटी 20 बीघा राज्य सरकार की भूमि से 10 बीघा भूमि आवंटित करने की मांग की है। बैठक में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह सचान, जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक भारत भूषण शाह, अभिभावक संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान, पूर्व प्रधान पुष्पा देवी शाह, बुद्धि प्रकाश, पूरण चंद, सुधाकर, सुरेंद्र प्रसाद, वेदवती देवी आदि उपस्थित रहे।