पुनर्गठन आदेश में हुई त्रुटि को संशोधित करने और संशोधित पुनर्गठन आदेश के अनुसार ही कार्मिकों की प्रोन्नति की मांग को लेकर उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ की बेमियादी हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। परिवहन कर्मियों की हड़ताल से एआरटीओ कार्यालय में सन्नाटा पसरा है।
लगातार दूसरे दिन बुधवार को उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ ने एआरटीओ कार्यालय कोटद्वार में शासन और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष अजय नौडियाल और प्रांतीय संगठन मंत्री कुलदीप नेगी ने कहा कि पूर्व में हुई हड़ताल के क्रम में छह सितंबर को शासनस्तर पर विभागीय अधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी, जिसमें मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिला गया था, लेकिन दो माह से अधिक समय बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हड़ताल पर मो. अकरम, महेंद्र सिंह रावत और ध्रुव धामी समेत कई कर्मी शामिल रहे।