पुलिस उपाधीक्षक पौड़ी प्रदीप टम्टा ने बीरोंखाल ब्लाक के अंतर्गत स्यूंसी में पुलिस चौकी के लिए चयनित जलागम के भवन का निरीक्षण किया। इस मौके पर मेहरबान सिंह कंडारी राजकीय इंटर कालेज में आयोजित बैठक में उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाने में सहयोग देने की अपील की।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप टम्टा ने कहा की बीरोंखाल के अंतर्गत एक पुलिस चौकी की स्थापना की जानी है, ताकि बीरोंखाल ब्लाक के विभिन्न क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाई जा सके। थलीसैंण थाने से बीरोंखाल ब्लाक की दूरी अधिक होने के कारण यहां कानून व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों, बिना सत्यापन के फेरी लगाकर सामान बेचने वालों पर नजर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने व ताश खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख राजेश कंडारी, प्रधान संघ बीरोंखाल के अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट, बाजार समिति स्यूंसी के अध्यक्ष जगदीश बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुषमा देवी, सुरेंद्र पटवाल, सुनील बौड़ाई, मेहरबान सिंह, धीरेंद्र कंडारी, रामपाल कंडारी आदि मौजूद रहे।