भाबर क्षेत्र के अंतर्गत झंडीचौड़ निवासी एक व्यक्ति ने अज्ञात ऑटो चालक पर स्कूल से घर लौट रही उसकी दो पुत्रियों की साइकिल को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए कलालघाटी चौकी पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कलालघाटी चौकी प्रभारी प्रद्युमन सिंह नेगी ने बताया कि मामले में झंडीचौड़ निवासी राजेंद्र ने शुक्रवार को चौकी में तहरीर दी है। तहरीर में उसने बताया कि उनकी दो बेटियां झंडीचौड़ स्थित एक स्कूल में पढ़ती हैं। गत सात जनवरी की दोपहर को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों साइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान स्कूल के समीप तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। तहरीर में उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।