नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर-7 कौड़िया के मिलिट्री कैंप से सटे इलाकों में गत एक सप्ताह से नलों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। नागरिकों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय नागरिक बलवंत सिंह रावत, जगमोहन सिंह रावत, पंकज कुमार, राजपाल सिंह रावत, सचिन चमोली, सुरेश रावत, मनोज कुमार आदि ने बताया कि क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। नलों में आ रहे पानी से दुर्गंध आ रही है। साथ ही नलों में पानी के साथ सीवर व साग-सब्जियों का कचरा आ रहा है। क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति के संबंध में जल संस्थान के अधिकारियों को दूरभाष पर कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन करेंगे। जेई बृजमोहन सिंह रावत का कहना है कि स्थानीय नागरिकों की ओर से मिलिट्री कैंप से सटे क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति होने की शिकायत मिली थी, जिस पर लाइन को चेक करा कर समस्या का निराकरण कर दिया गया है।