आचार संहिता लगते ही डीएम के आदेश पर जिले में धारा 144 लगा दी गई है, जिससे जिले में कड़े प्रतिबंध लागू हो गए हैं। अब किसी स्थान पर पांच या इससे अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकेंगे। साथ ही यूके-यूपी बॉर्डर स्थित कौड़िया चेकपोस्ट पर वाहनों की सख्ती से चेकिंग की जा रही है।
डीएम के आदेश के तहत नौ से 15 जनवरी तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों, रोड शो, रैलियों, बैठक और प्रदर्शन पर पूर्णत: प्रतिबंध होगा। उसके बाद निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजनीतिक दलों को इसके लिए प्रशासन की अनुमति लेनी होगी। उधर, कोतवाली पुलिस ने यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर स्थित कौड़िया चेकपोस्ट पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस की ओर से नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि कौड़िया चेक पोस्ट सहित सनेह, लालढांग-चिलरखाल बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिसकर्मियों को सभी वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने होर्डिंग्स, बैनर उतरवाए
कोटद्वार/लैंसडौन। विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। रविवार से कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र, सतपुुली, लैंसडौन, जयहरीखाल आदि स्थानों पर लगे राजनीतिक दलों के होर्डिंग, बैनर और पोस्टर उतारने का कार्य शुरू हो गया है।
नगर आयुक्त केएस नेगी ने कोटद्वार पौड़ी नेशनल हाईवे पर कौड़िया से लेकर गिंवाई स्रोत तक कौड़िया तिराहा, लालबत्ती चौराहा, झंडाचौक, तहसील चौराहा सहित विभिन्न मार्गों पर विद्युत पोल, सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों व सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न राजनीतिक दलों के झंडे, बैनर व होल्डिंग उतरवाए। इसके बाद कर्मचारी प्रचार-प्रसार सामग्री को ट्रैक्टर-ट्राली में ले गए। उधर, लैंसडौन कोतवाली पुलिस ने भी छावनी नगर सहित जयहरीखाल ब्लाक क्षेत्र में लगाए गए झंडे, बैनर एवं होर्ल्डिंग उतारने का काम शुरू कर दिया है। कोतवाल संतोष कुंवर और चौकी प्रभारी गुमखाल मुकेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक दलों की ओर से लगाई गई प्रचार सामग्री को उतरवाया। संवाद