जय मां गौरजा क्रिकेट समिति की ओर से द्वारीखाल ब्लाक के सीला बांघाट के खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता सीला गांव के नाम रही। फाइनल मुकाबले में सीला गांव ने सतपुली की टीम को 12 रनों से हराया।
रविवार को फाइनल मैच का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रिबन काटकर किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में खेलों के महत्व को बताया। इसके बाद फाइनल मुकाबला सीला गांव और सतपुली की टीमों के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीला की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सतपुली की टीम 15 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 117 रन ही बना सकी। इस तरह सीला गांव ने मैच जीत लिया। सीला के आलराउंड जोंटी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए और एक विकेट भी झटका। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैन ऑफ द सीरीज भी सीला के गोलू के नाम रही। समापन समारोह में पीएनबी सतपुली के प्रबंधक सुशील कुमार बुड़कोटी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर समिति के सदस्य अध्यक्ष नितिन काला ने सहयोग के लिए द हंस फाउंडेशन जनरल अस्पताल का आभार जताया। इस मौके पर समिति के उपाध्यक्ष नवल किशोर काला, सचिव कृष्ण कुमार काला, कोषाध्यक्ष मुकेश बहुगुणा, नितेश काला, महिला मंगल दल की अध्यक्ष ज्योति डोबरियाल, ग्राम प्रधान प्रीति काला, अंपायर रोहित कुमार, उमंग रौथान, कॉमनट्रेटर वीरेंद्र सिंह और स्कोर मुकेश देवरानी आदि मौजूद रहे।