सुखरो नदी के पास उप खनिज भंडारण की जांच करते एसडीएम योगेश मेहरा।
- फोटो : KOTDWAR
प्रशासन की ओर से अवैध उप खनिज भंडारण के खिलाफ कार्रवाई जारी है। रविवार को एसडीएम ने सुखरो नदी के किनारे एक उप खनिज के भंडारण पर छापा मारा। उन्होंने भंडारण संचालन में कई अनियमितता मिलने पर उसे सीज कर दिया।
रविवार सुबह एसडीएम योगेश मेहरा ने राजस्व कर्मियों के साथ सुखरो नदी के किनारे चले रहे उप खनिज के भंडारण पर छापा मारा। एसडीएम ने भंडारण संचालक से भंडारण से संबंधित कागजात दिखाने के लिए कहा और भंडारण संचालक की ओर से वेव पोर्टल पर जारी किए जा रहे रवन्नों की जांच की। जांच में निर्धारित मानकों से अधिक उप खनिज का भंडारण पाया गया। इसके अलावा वेव पोर्टल के संचालन में भी अनियमितता मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि सुखरो नदी के किनारे सूरज डोभाल के उप खनिज भंडारण की जांच की गई, जिसमें एक हजार टन उप खनिज भंडारण का अंतर पाया गया। इसके अलावा पोर्टल पर उप खनिज से भरे वाहनों का रवन्ना नहीं चढ़ाया गया। बिना रवन्ना के ही माल बेचने की अनियमितताएं मिलीं। इस पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार उप खनिज के भंडारण को सीज कर दिया गया।