कण्वघाटी/कोटद्वार। सोमवार की बारिश से ध्वस्त मालन नदी के डायवर्जन मार्ग को लोनिवि दुगड्डा ने अस्थायी रूप से दुरुस्त कर आवागमन शुरू करा दिया है। वहीं, इस मार्ग के आए दिन के उफान से बहने व क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए रिंग वाॅल बनाकर मजबूती देने का काम शुरू हो गया है।
बीते वर्ष 13 जुलाई, 2023 को बाढ़ व भूकटाव से मालन का मोटाढाक वाला पुल धराशायी हो गया था। तब मालन पार के इलाके में आवाजाही व उद्योगों में कच्चा माल भेजने और तैयार माल ले जाने के लिए करीब 1.77 करोड़ की लागत से मालन डायवर्जन वैकल्पिक मार्ग बनाया गया। इस मार्ग की दिक्कत यह है कि नदी के उफान पर होने के दौरान बाढ़ का पानी इसके ऊपर से गुजरता है, जिससे जलस्तर अधिक होने पर मार्ग बाधित रहता है। कई बार डायवर्जन मार्ग के ह्यूमपाइप भी निकल जाते हैं। इस बार लोनिवि दुगड्डा यहां ह्यूमपाइप कॉजवे की सुरक्षा के लिए रिंग वाॅल बना रहा है, जिससे डायवर्जन को तेज बहाव से बचाया जा सके। लोनिवि के अवर अभियंता अजीत सिंह का कहना है कि रिंग वाॅल का निर्माण शुरू करा दिया गया है। मौसम अनुकूल रहा तो अगले दो से तीन दिन में इसका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।