साधन सहकारी समितियों के सेवानिवृत्त कैडर सचिवों ने जिला सहायक निबंधक को ज्ञापन सौंपकर ग्रेड-पे एरियर और नकदीकरण के भुगतान जल्द कराने की मांग की है। चेतावनी दी है कि 15 मार्च तक उक्त भुगतान नहीं हुआ तो कैडर सचिव परिजनों समेत जिला सहकारी बैंक के मुख्यालय पर अनशन शुरू कर देंगे।
साधन सहकारी समितियों के सेवानिवृत्त कैडर सचिव गोविंद सिंह नेगी, जयपाल सिंह नेगी, हरि सिंह रावत और सतव्रत बडोनी की ओर से जिला सहायक निबंधक (सहकारी समितियां) को ज्ञापन भेजकर उनके लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने की मांग की है। कहा कि कई सालों की सेवा के बाद कैडर सचिव सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अपने ग्रेड-पे के एरियर और नकदीकरण के भुगतान के लिए विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कहा कि मामले में यदि संबंधित पटल प्रभारी की ओर से लापरवाही हो रही है, तो उन्हें पटल प्रभारी के दायित्व से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाना चाहिए। चेतावनी दी गई कि मामले में 15 मार्च तक भुगतान की प्रतीक्षा की जाएगी। इसके बाद जिला सहकारी बैंक गढ़वाल के कोटद्वार स्थित मुख्यालय में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस आंदोलन में उनके परिजन भी शामिल होंगे।