नैनीडांडा ब्लाक के अंतर्गत जीआईसी कोचियार की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय विशेष के अंतिम दिन स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रियांशु बिष्ट व इशिता पटवाल को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कनिष्ठ उप प्रमुख रेखा रावत ने किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्रों में समाज सेवा व राष्ट्र सेवा का भाव जागृत होता है। उन्होंने स्वयंसेवियों से शिविर से प्राप्त अनुभवों का लाभ समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य अफसर हुसैन ने स्वयंसेवियों को आमजन के साथ मिलकर समाज व राष्ट्र हित में कार्य करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम अधिकारी मनमोहन सिंह रावत ने भी विचार रखे। महिला मंगल दल संगलिया की प्रस्तुतियों को भी सराहा गया। ग्रामसभा संगलिया वल्ला के प्रधान महिपाल सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान भगत सिंह रावत, महिपाल सिंह पटवाल, युवक मंगल दल संगलिया के अध्यक्ष संजय सिंह, भजन सिंह रावत, महिला मंगल दल की अध्यक्ष दिव्या रावत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनकर सिंह रावत ने किया।