28 फरवरी की रात को शहर के लालबत्ती चौक पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि 28 फरवरी की रात को लालबत्ती चौक पर कौड़िया निवासी रोहित कुमार को धारदार हथियारों से जान से मारने की नीयत से कुछ लोगों ने हमला किया था। मामले में रोहित की बहन शोभा देवी ने एक मार्च को कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर कार्रवाई करते हुए मामले में गौरव, अंकित, नवीन, गोलू बुग्गा के अलावा 8-10 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मारपीट के मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन को सौंपी गई। जांच के बाद मारपीट की गंभीरता को देखते हुए मामले में कुछ धाराएं और बढ़ाई गईं, जिसके आधार पर कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्लू) जारी कर दिए। कोतवाल ने बताया कि 20 मार्च को मामले में वांछित एक आरोपी नवीन निवासी रिफ्यूजी क्वाटर देवी रोड कोटद्वार को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।