कोटद्वार। मालनी किसान पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने उद्यान अधिकारी से मुलाकात कर आलू का बीज किसानों तक न पहुंचने पर नाराजगी जताई। कहा कि भाबर में बड़े पैमाने पर काश्तकार खेती किसानी और साग सब्जी उत्पादन का काम करते हैं। विभाग को मिला 20 क्विंटल आलू कुछ ही लोगों को बांटा गया है। जबकि इसे न्याय पंचायत वार बांटा जाना चाहिए था।
पंचायत के अध्यक्ष जेपी बहुखंडी और महासचिव मधुसूदन नेगी ने बताया कि उन्होंने उद्यान अधिकारी सतीश शर्मा से मुलाकात कर भाबर के किसानों की समस्या बताई। कहा कि उद्यान विभाग के पास किसानों के लिए 20 क्विंटल आलू का बीज वितरण के लिए आया था, लेकिन किसानों को इसकी जानकारी न होने के कारण इस बीज के आलू को उद्यान विभाग की ओर से कुछ ही लोगों में वितरण कर दिया गया। भाबर के किसानों को इसकी भनक तक नहीं लगी। कहा कि उद्यान विभाग की ओर से किसानों के हित में जो भी योजनाएं चलाई जाती हैं, उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में जगदीश बहुखंडी, एमएस नेगी, पुरषोत्तम डबराल, चंद्रपाल कंडारी, भगवती प्रसाद डबराल व राजेन्द्र प्रसाद जोशी आदि शामिल रहे। संवाद