काशीपुर-बुआखाल एनएच पर टूटा पुश्ता।
- फोटो : KOTDWAR
बुआखाल- काशीपुर हाईवे पर मझगांव बाजार के पास पुश्ता ढहने की वजह से बीरोंखाल और नैनीडांडा ब्लॉक का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। थलीसैंण क्षेत्र के लिए रामनगर से होने वाली सब्जी, दूध आदि दैनिक चीजों की सप्लाई भी बाधित हो गई है।
क्षेत्र में बीते दिनों से हो रही बारिश के कारण मंगलवार सुबह मझगांव बाजार के पास अचानक एनएच का पुश्ता ढह गया। एनएच विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुश्ता मरम्मत में जुट गए। सड़क के बंद होने से अब रामनगर से थलीसैंण तहसील को होने वाली दैनिक सप्लाई चोखाल जसपुर होते हुए पहुंचाई जा रही है। वहीं नैनीडांडा और बीरोंखाल के निवासियों को पोखड़ा होते हुए पौड़ी जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। सहायक अभियंता रविशंकर यादव ने बताया कि एनएच पर मंझगांव के पास पुश्ता ढह गया है। दोबारा पुश्ता निर्माण कराने में एक सप्ताह का समय लग सकता है। पुश्ता निर्माण होने तक सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।