मेयर हेमलता नेगी ने नगर निगम के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और अधिकारियों से अभी तक की कार्य प्रगति की जानकारी ली। मेयर ने शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नगर में स्थित शौचालयों की नियमित सफाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मेयर ने बैठक में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए नए गोधाम बनाने के लिए शासन से पत्राचार करने, अधूरे पड़े मोटर नगर बस अड्डे का मुद्दा शासन स्तर पर होने वाली मीटिंग में रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गाड़ीघाट स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पास डंप कूड़े को साफ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कहा कि किसी भी दशा में पोस्टमार्टम हाउस के पास कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए। उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड की भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने और चिह्नित स्थानों के अलावा अन्यत्र कूड़ा डालने वालों के चालान काटने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अंतर्गत सौंदर्यीकरण के लिए चौराहों को चिह्नित करने के लिए कहा। साथ ही दुकानें बनाने के लिए जगह चिह्नित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नगर निगम की आय बढ़ सके। इस मौके पर नगर आयुक्त केएस नेगी, सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार, मो. कामिल, अवर अभियंता रवींद्र पंवार, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, पार्षद अनिल रावत, विपिन डोबरियाल, नईम अहमद, सोनिया नेगी, सूरज प्रसाद कांति, प्रवेंद्र सिंह रावत मौजूद रहे।