पोखड़ा ब्लॉक के घरतोली, गडोली और आसपास के गांवों में गुलदार की चहल कदमी जारी है। मंगलवार को स्कूल जा रहे पाली गांव के बच्चों को रास्ते में सड़क किनारे गुलदार बैठा हुआ मिला। बच्चों ने पत्थर फेंककर गुलदार को भगाया। उधर, गुलदार घरतोली गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे के आसपास भी नहीं फटक रहा है।
पोखड़ा ब्लाक के घरतोली और गडोली गांव में गुलदार द्वारा दो लोगों को घायल करने के बाद से आसपास के गांवों पाली, माल्ड, मझगांव, बस्यूर, नाई, मांडलिया, सौंडल, चमनाऊ के ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। गडोली गांव निवासी रतन सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पाली गांव से इंटर कालेज देवराजखाल जा रहे स्कूली बच्चों को गुलदार दिखा। गुलदार रास्ते में बैठा हुआ था। बच्चों ने उस पर पत्थर फेंके तो वह भाग गया। गुलदार की सक्रियता क्षेत्र में लगातार बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
उधर, गढ़वाल वन प्रभाग के दमदेवल रेंज अधिकारी सुचि चौहान ने बताया कि गांव में गुलदार की मूवमेंट लगातार बनी हुई है। मंगलवार को स्कूली बच्चों को पाली-देवराजखाल मार्ग पर गुलदार दिखा है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। दूसरे दिन भी गुलदार पिंजरे के आसपास नहीं फटका। जरूरत पड़ी तो एक-दो दिन के भीतर पिंजरे का स्थान बदल दिया जाएगा।