कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत ठांगर समेत आसपास के गांवों में लगातार गुलदार दिखने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। बुधवार सुबह ठांगर के समीपवर्ती धनियार गांव में गुलदार एक कुत्ते को उठाकर ले गया। उधर, वन कर्मियों की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।
ग्राम पंचायत ठांगर की प्रधान सोनम देवी, सामाजिक कार्यकर्ता जीतेंद्र और ग्रामीण अनिल ने बताया कि बुधवार सुबह 7:00 बजे के करीब धनियार गांव में पशुपालक जगमोहन सिंह अपनी गोशाला में गया हुआ था। उनका कुत्ता भी उनके पीछे गौशाला में पहुंच गया। इस दौरान अचानक ही आ धमके गुलदार ने कुत्ते पर हमला कर दिया और उसे उठाकर झाड़ियों में भाग गया।
उन्होंने कहा कि पलायन के कारण वर्तमान में गांव में आबादी काफी कम हो गई है। खेत खलिहानों में गुलदार आसानी से धमक कर उनके पालतू पशुओं पर हमला कर रहे हैं। गुलदार लोगों को देखकर डर भी नहीं रहे हैं।
उधर, लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ नवीन पंत ने बताया कि क्षेत्र में वनकर्मियों की टीम तैनात है और टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। टीम को गुलदार की चहलकदमी नजर नहीं आई है।