बैजरो। बीरोंखाल के अंतर्गत बैजरो बाजार में जीएमओयू के परिचालक को रविवार रात को अचानक ही हार्ट अटैक पड़ गया। जिस पर वहां मौजूद लोगों ने आकस्मिक सेवा वाहन 108 को सूचना दी। लोगों का आरोप है कि 108 के वाहन चालक ने पीड़ित को उठाने से साफ मना कर दिया और गाड़ी लेकर मौके से चला गया। इस दौरान परिचालक काफी देर तक तड़पता रहा, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया। सीएमओ पौड़ी ने सोशल मीडिया में वायरल घटनाक्रम के वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल के प्रबंधक भुवन बौड़ाई ने बताया कि रविवार रात 10:00 बजे के लगभग बीरेंद्र सिंह निवासी ग्राम रैटल पोखड़ा ब्लॉक को अस्पताल लाया गया। जांच में पता चला कि उसकी मौत काफी देर पहले हो चुकी थी। वह जीएमओयू बस का परिचालक है और कोटद्वार से बैजरो आया था। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी का कहना है बीरेंद्र सिंह ने बस में खाना खाया व हाथ धोने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा। हाथ धोने के बाद अचानक ही उसे दिल का दौरा पड़ गया। कहा कि घटना के वक्त मौके पर खड़ी बैजरो अस्पताल से संचालित होने वाली 108 सेवा के चालक से बस के परिचालक ने उसे उठाकर अस्पताल ले जाने का आग्रह किया तो उसने मना कर दिया। इसके बाद 108 का चालक वाहन समेत कहीं और चला गया। 108 कर्मी के रवैये पर मौजूद लोगों ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने घटना की जानकारी थलीसैंण थानाध्यक्ष सुनील पंवार को दी। जिस पर बीरोंखाल चौकी पुलिस ने बीरोंखाल अस्पताल से एंबुलेंस मंगाकर बीरेंद्र सिंह को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, सीएमओ पौड़ी डॉ. प्रवीण कुमार ने सोशल मीडिया में वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उक्त प्रकरण व 108 सेवा के चालक की भूमिका की जांच के आदेश दे दिए हैं।