कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती के मौके पर आयोजित जनपद स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता कोटद्वार यंग की टीम ने जीत ली है। सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में उसने स्टेडियम ट्रेनीज गाड़ीघाट को 2-0 के अंतर से हराया।
सोमवार को भाबर क्षेत्र के अंतर्गत मिनी स्टेडियम मोटाढाक में खेले गए फाइनल मुकाबले का उद्घाटन नवीं गढ़वाल के पूर्व सैनिकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। फाइनल मुकाबला कोटद्वार यंग और स्टेडियम ट्रेनीज गाड़ीघाट के बीच हुआ। कोटद्वार यंग की ओर से दिनेश कुमार ने पहले हाफ में दो गोल की बदौलत अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। स्टेडियम ट्रेनीज की टीम ने दूसरे हाफ में गोल उतारने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इस तरह कोटद्वार यंग ने यह मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता में जनपद की छह टीमों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में प्रतियोगिता के आयोजक एवं समाजसेवी सुनील रावत ने स्टेडियम ट्रेनीज के अरमान अली को उदीयमान गोल कीपर एवं कोटद्वार यंग के दिनेश कुमार को गोल्डन बूट से सम्मानित किया। कर्नल चंद्रपाल पटवाल (से.नि.) ने उप विजेता ट्राॅफी एवं मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत ने विजेता टीम को ट्राॅफी एवं नकद धनराशि का चेक देकर पुरस्कृत किया। खेल संघ के संरक्षक धीरेंद्र कंडारी ने निर्णायकों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर सिद्धार्थ रावत, फुटबाल संघ पौड़ी अध्यक्ष बीरेंद्र रावत, उपाध्यक्ष हरीश वर्मा, गोपाल जसोला आदि मौजूद रहे।