कोटद्वार। त्योहार और शादियों का सीजन शुरू होने के साथ ही भाबर क्षेत्र में किन्नरों ने भी बधाई के बदले शगुन लेना शुरू कर दिया है। बधाई के बदले में मुंहमांगी रकम के लिए दबाव बनाने वाले किन्नरों से परेशान होकर अब लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें किन्नरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की गई है।
पूर्व पार्षद सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में कई लोगों ने सोमवार को एसडीएम सोहन सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जिन परिवारों में हाल ही में शादियां हुई हैं, किन्नर उन घरों में पहुंचकर 21 से 31 हजार रुपये तक की मांग कर रहे हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि किन्नरों द्वारा लोगों को समाज में बदनामी का भय दिखाकर लगातार उनका शोषण किया जा रहा है। जिससे पूरे क्षेत्र में भय व आक्रोश बना हुआ है। कहा कि दो वर्ष पूर्व तत्कालीन एसडीएम ने इन पर अंकुश लगाया था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद से किन्नर क्षेत्र में लगातार मनमानी कर रहे हैं। उन्हाेंने क्षेत्रवासियों को किन्नरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में अंकित काला, आशीष रौतेला, गौरव रावत, अजयपाल नेगी, मंजीत नेगी, राकेश बिष्ट, मिलन बिष्ट आदि शामिल रहे। संवाद