दुगड्डा ब्लाक के अंतर्गत सरूडा गांव की सरहद पर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाते वनकर्मी।
- फोटो : KOTDWAR
वृद्धा को मारने वाले गुलदार को पकड़ने के लिए लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज की ओर से दुगड्डा ब्लाक के पैदल मार्ग सरूड़ा गांव की सरहद पर पिंजरा लगा दिया गया है। घटना के बाद से वनकर्मी क्षेत्र में दिन-रात गश्त कर रहे हैं। गुलदार की गतिविधि गांव के आसपास लगातार बनी हुई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत बनी है और वह अकेले खेतों और जंगल जाने से कतरा रहे हैं। गुलदार के भय के कारण शुक्रवार को स्कूली बच्चे भी दुगड्डा स्कूल नहीं गए।
बुधवार शाम को भैड़गांव से पैदल मार्ग से दुगड्डा जा रही 65 वर्षीय वृद्धा जयंती देवी को गुलदार ने हमलाकर मार डाला था। घटना के बाद से जुवा, भैड़गांव, सरूड़ा सकाली, महरगांव, बोरगांव, बंगला, सैलानी गांव, हनुमंती, गैनोली सरूड़ा आदि गांव के ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण अकेले खेतों और घास के लिए जंगल जाने में कतरा रहे हैं। जबकि पशुपालक दुगड्डा दूध बेचने के लिए गाड़ी से गए। सामान्य दिनों में ग्रामीण दूध बेचने के लिए पैदल ही दुगड्डा जाते थे। शाम के समय भी ग्रामीण जल्दी घरों में दुबक रहे हैं। उप प्रधान जितेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज कंडवाल, राजेंद्र चौधरी, विजेंद्र सिंह, मातबर सिंह आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को गुलदार की आवाजें सुनाई दीं। उधर, घटना के बाद से वनकर्मी दिनरात क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। वन विभाग की ओर से गुलदार को ट्रेस करने के लिए जहां गांव में दो कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं, वहीं शुक्रवार को सरूड़ा गांव की सरहद पर पिंजरा लगा दिया गया है।
गुलदार को पकड़ने के लिए सरूड़ा सकाली गांव की सरहद पर पिंजरा लगा दिया गया है। उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में गुलदार पकड़ में आ जाएगा। जरूरत पड़ी तो पिंजरे की लोकेशन भी बदली जाएगी। - किशोर नौटियाल, रेंज अधिकारी दुगड्डा।