रिखणीखाल ब्लाक के गुठरेता गांव में रसोई गैस सिलिंडर लीक होने से पूर्व प्रधान के घर में आग लग गई, जिससे घर में रखा करीब चार लाख का सामान और नकदी जलकर राख हो गई। पीड़ित परिवार की ओर से घटना की सूचना प्रशासन को दी गई है।
पूर्व प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे उसने जैसे ही चूल्हा जलाया सिलिंडर ने आग पकड़ ली। जिससे वह झुलस गई। इससे पहले कि वह आग बुझाने का प्रयास करती अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने रसोई, बरामदा और नजदीक के दो कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। उसने आग से बचाव के लिए परिजनों को बुलाया। सभी लोग पानी और मिट्टी से आग बुझाने में जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी प्रकार सिलिंडर को से बाहर निकाला और आग पर काबू किया। लेकिन, तब तक आग से कमरे में रखे 64 हजार रुपये नकद, तीन दीवान और उनके अंदर रखे कपड़े, जेवर, टीवी, पंखा, गद्दे सब जलकर राख हो गए। बताया कि उनका करीब चार लाख रुपये का नुकसान हो गया है। इसकी जानकारी पटवारी को दे दी गई है। उन्होंने प्रशासन से उन्हें उचित मुआवजा देने की मांग की है।