कोटद्वार। पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड कोटद्वार के पुलिंडा-बल्ली वैकल्पिक मार्ग पर बृहस्पतिवार को करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा। हालांकि विभाग की ओर से जेसीबी मशीन लगाकर मार्ग को खोल दिया गया।
पुलिंडा-बल्ली मोटर मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह 10:00 बजे के करीब रामड़ी और पुलिंडा के बीच 15वें किमी पर अचानक पहाड़ी से मलबा आ गया, जिससे मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई। सूचना पर पहुंची पीएमजीएसवाई की जेसीबी मशीन ने सड़क पर पड़े मलबे की सफाई कर आवाजाही शुरू करवा दी। यह मार्ग दुगड्डा ब्लॉक के नौ ग्राम पंचायतों के करीब दो दर्जन गांवों को यातायात सुविधा देता है। इसके अलावा इस मार्ग को पौड़ी नेशनल हाईवे के वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। मार्ग की हालत खस्ताहाल होने से घाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों को मुख्य बाजार कोटद्वार आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सहायक अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 9:00 बजे के करीब मलबा आ गया था। इस दौरान मार्ग पर एक घंटे तक आवाजाही प्रभावित रही। जेसीबी मशीन से मलबा हटाने के बाद मार्ग पर आवाजाही सुचारु कर दी गई है। बारिश के दौरान सावधानी से आवाजाही करने की अपील की गई है।