कोटद्वार बेस अस्पताल में पार्षद विपिन डोबरियाल से घटना की जानकारी लेते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : KOTDWAR
नगर निगम वार्ड नंबर 11 के पार्षद विपिन डोबरियाल पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पार्षद को बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है, हालत गंभीर होने पर अभी उनकी ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए हमले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर पार्षद पर जानलेवा हमले को लेकर नगर निगम के अन्य पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पार्षद विपिन डोबरियाल ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे केबल कार्यालय में रकम जमा कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी देवी मंदिर से 50 मीटर आगे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल रिसीव करने के लिए वे रुके ही थे, कि पीछे से कुछ लोगों ने उनके साथ बिना बात किए मारपीट शुरू कर दी। इससे पहले वे कुछ समझते उन्होंने स्कूटी को गिराते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया। लोगों को बेतहाशा मारपीट पर उतारू देखते हुए उन्होंने सड़क किनारे एक घर के अंदर भागकर कर शरण ली। इतने में स्थानीय लोग आ गए, जिससे मारपीट करने वाले वहां से भाग गए। बताया कि लोगों के मारपीट करने के बाद वे लहूलुहान हो गए और लोग उन्हें बेस अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर गए। डॉक्टरों ने उनकी जांच की। पार्षद के सिर, पांव, हाथ और कंधे पर गंभीर चोट आई।
कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अभी पार्षद की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पूछताछ में पार्षद ने हमले में तीन लोगों के नाम बताए हैं। मामले को गंभीर देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए मौके पर से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।