दुगड्डा। कोटद्वार थाना क्षेत्र की दुगड्डा पुलिस चौकी ने शनिवार देर शाम 44 किलो गांजे के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गांजा तस्कर यह माल दुगड्डा से मुरादाबाद ले जा रहे थे।
चौकी इंचार्ज खजान सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस टीम शनिवार देर शाम ग्राम गोदी छोटी के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार पर संदेह होने पर उसे रोका गया तो चालक कार भगा ले गया, जिसे थोड़ी दूर आगे पुलिस ने पीछाकर रोक लिया। कार में चार कट्टों में 44 किलो गांजा भरा था। चारों युवकों को कार और गांजे समेत चौकी लाया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सिविल लाइंस (मुरादाबाद) निवासी मनमोहन सिंह, सहवीर उर्फ पिंटू, रामपाल और ग्राम खलीलपुर (मुरादाबाद) निवासी विपुल बताया। आरोपी धुमाकोट और थलीसैंण की ओर से गांजा ला रहे थे। यह गांजा मुरादाबाद ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार चारों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त कार सीज कर दी गई है।