जयहरीखाल की कौडिया पट्टी के पटखोली में एक घर के आंगन का ढहा पुश्ता।
- फोटो : KOTDWAR
तीन दिन से हो रही बारिश के कारण जयहरीखाल ब्लाक के पटखोली में कहैन्यालाल के आंगन का पुश्ता टूट गया है जिससे मकान ढहने का खतरा बना हुआ है। खतरे की आशंका को देखते हुए भवन में रह रहा परिवार अन्यत्र शिफ्ट हो गया है। इसकी सूचना तहसील प्रशासन और राजस्व पुलिस को दे दी गई है।
उधर, रिखणीखाल के बगेड़ा गांव में पहाड़ी से मलबा आने के कारण एक गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभावित ग्रामीण लुंगीराम ध्यानी ने बताया कि उसके सामने पशुओं को रखने की समस्या बन गई है। लैंसडौन तहसील के जयहरीखाल क्षेत्र में ज्यादा बारिश से गांव के रास्ते, सीसी मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पैदल रास्तों पर मलबा आ गया है, जिसके कारण पैदल आवाजाही में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जयहरीखाल के ब्लाक प्रमुख दीपक भंडारी ने जिला प्रशासन समेत विभागीय अधिकारियों से बारिश से हुए नुकसान का आंकलन करने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की।