हनुमंती-जुवा मोटर मार्ग पर लंगूरगाड नदी में पुल निर्माण के लिए चल रहा आंदोलन शनिवार को 17वें दिन में पहुंच गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया।
लंगूरगाड नदी में मोटर पुल निर्माण की मांग को लेकर युवा समिति जुवा, भैड़गांव और बंगला की अगुवाई में ग्रामीणों का आंदोलन शनिवार को 17वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी मांग बड़ी समस्या से संबंधित है, जिसे ग्रामीण डेढ़ दशक से झेल रहे हैं। गांव तक सड़क बने डेढ़ दशक हो गया, लेकिन वाहनों को आज भी नदी में उतरकर आवाजाही करनी पड़ रही है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सरोजरी कैंत्युरा, दुगड्डा की ब्लाक प्रमुख रुचि कैंन्युरा समेत कई कांग्रेस नेताओं ने धरना आंदोलन को समर्थन दिया। धरना देने वालों में युवा समिति के अध्यक्ष मनोज कंडवाल, रामदयाल सिंह नेगी, इस्लाम अली, आसमां बेगम, जितेंद्र सिंह बिष्ट, मातबर सिंह, विनोद सिंह, भारत सिंह, आशीष नेगी, विनीता देवी आदि शामिल रहे।