कोटद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी व जिला युवा कांग्रेस कोटद्वार के नेतृत्व में अंकिता भंडारी को न्याय न मिलने, प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को सिमलचौड़ में प्रदर्शन किया।
यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय रावत की अगुवाई में युवा कांग्रेस व महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बुधवार को सिमलचौड़ कोर्ट परिसर के पास प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने अदालत परिसर के पास पहुंचे अंकिता भंडारी के माता-पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उनकी लड़ाई में हर संभव मदद का भरोसा दिया। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय रावत ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से उन पर बुधवार को विरोध-प्रदर्शन न करने के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता उनके दबाव में नहीं आए। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अंकिता भंडारी को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। आरोप लगाया कि अंकिता की लड़ाई लड़ने वाले आशुतोष नेगी को भी फंसाया गया है।
विरोध-प्रदर्शन करने वालों में महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय रावत, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, बृजपाल नेगी, छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल और सुदर्शन रावत आदि शामिल रहे।