संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कण्वघाटी की कक्षा 11वीं की छात्रा अनुराधा भारद्वाज ने देहरादून में आयोजित प्रथम उत्तराखंड तीरंदाजी लीग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
स्टेडियम के प्रभारी और तीरंदाजी कोच संदीप डुकलान ने बताया कि दो जनवरी से देहरादून में आयोजित हुई चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में भारत के शीर्ष 10 कंपाउड खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित चार खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया।
इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड की ओर से टिहरी रेडर टीम के अर्जुन अवार्डी ओजस, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुशल दलाल और कोटद्वार की राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुराधा ने टीम के रूप में प्रतिभाग कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनुराधा भारद्वाज की जीत से परिवार, स्कूल प्रबंधन एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित समारोह में विद्यालय की शिक्षा निदेशिका सिंधु कोठारी ने अनुराधा भारद्वाज का माल्यार्पण कर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
अनुराधा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्व. दादा अधिवक्ता जगमोहन भारद्वाज, कोच संदीप डुकलान को दिया है। इस मौके पर प्रशासनिक निदेशक विपिन जदली, प्रधानाचार्य आरती कंडवाल, कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी, नितीश कुमार, अशोक जखमोला, पुष्कर कुमार, सीमा पटवाल, ऋतु, तुलिका पंत, अमृता रावत, प्रिया कुकरेती आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार