कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-16 सिताबपुर के अंतर्गत मल्ला सिताबपुर इलाके के 40 परिवार एक माह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि नलों पर बेहद कम पानी आ रहा है और लोगों को तल्ला सिताबपुर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
सिताबपुर मल्ला निवासी दिनेश भट्ट, युद्धवीर सिंह पटवाल, सरोज चमोली, ऊषा चमोली, सुदर्शन चमोली, जगमोहन सिंह रावत, दामोदर जदली, आनंद प्रकाश भदोला, सुमित्रा ध्यानी आदि ने बताया कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है लेकिन पिछले एक माह से समस्या गंभीर हो गई है। यहां पाइप लाइन पर बेहद कम पानी रहा है। पूर्व में विभाग की ओर से क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए श्याम लाल बगीचा स्थित ट्यूबवेल से सिताबपुर तिराहे तक छह इंची पेयजल लाइन बिछाई गई, लेकिन इसके बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। स्थिति यह है कि मोटर लगाने के बाद भी नलों से पानी नहीं आ रहा है, जिससे उनका पूरा दिन पेयजल की व्यवस्था करने में ही खराब हो रहा है। कहा कि मार्च 2021 में इस संबंध में मुख्य सचिव पेयजल को ज्ञापन भेजा गया था। साथ ही कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कोट
मामला संज्ञान में नहीं है। संबंधित जेई को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कर पेयजल आपूर्ति सुचारु की जाएगी। - बीआर चौधरी, सहायक अभियंता जल संस्थान कोटद्वार।