कोटद्वार तहसील में केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी के दुरुपयोग के विरोध में प्रदर्शन करते कांग्रेस कार
- फोटो : KOTDWAR
कोटद्वार। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चल रही पूछताछ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर ईडी की ओर से की जा रही पूछताछ पर रोक लगाने की मांग की।
शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कार्यालय में एकत्र हुए और तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रभारी नायब तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर प्रवर्तन निदेशालय राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से जांच कर रही है। एक समाचार पत्र को लेकर तीन दिन तक घंटों पूछताछ कर राहुल गांधी का उत्पीड़न किया गया है, जो कि लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के विपरीत है और मौलिक अधिकारों का हनन भी है। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस कमेटी के प्रदेेश सचिव प्रवेश रावत, अमित राज सिंह, बलवीर सिंह रावत, गुड्डू सिंह चौहान, बलवीर सिंह रावत, जितेंद्र भाटिया, आलम सिंह रावत, अनिल चौधरी, नरेश कोटनाला, रूपन नेगी, सीमा चौहान, नईम अहमद, कविता भारती और नीलम रावत आदि मौजूद थे।