एक ओर विधानसभा का सत्र सरकार के पसीने छुड़ा रहा था तो दूसरी ओर अचानक हुई इनकम टैक्स की छापेमारी से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा रहा।
इनकम टैक्स की दिल्ली से आई टीमों ने शराब कारोबारी इंद्रजीत सिंह खत्री, रामेश्वर हवेलिया सहित कई और लोगों के घरों पर छापेमारी की। देर रात तक कार्रवाई चल रही थी।
सूत्रों के मुताबिक सभी जगहों पर करोड़ों की टैक्स चोरी पकड़ी गई। शुक्रवार को दोपहर से अचानक इनकम टैक्स की टीमों ने राजधानी में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की। कारोबारी इंद्रजीत सिंह खत्री के मोहकमपुर, राजपुर रोड और ओल्ड सर्वे रोड स्थित कार्यालय पर छापेमारी हुई।
इंद्रजीत के घर पर आईटी का छापा:
इनकम टैक्स की टीम ने राजपुर रोड साईं मंदिर के निकट स्थित बिल्डर एवं शराब कारोबारी इंद्रजीत सिंह खत्री के आवास में एक बजे दस्तक दी। यहां मौजूद नौकरानी ने बताया कि टीम ने उसे देर शाम तक बाहर नहीं जाने दिया। उन्होंने खाना भी नहीं खाया।
उनसे इंद्रजीत खत्री के बारे में कई सवाल जवाब हुए। नौकरानी ने बताया कि इनकम टैक्स के एक अधिकारी ने घर के माली को पूछताछ के दौरान कई थप्पड़ भी मारे। देर रात तक एसएसबी जवानों के साथ टीम यहां दस्तावेज खंगालने के बाद कुछ कागजात जब्त करके साथ ले गई।
रामेश्वर हवेलिया के घर छापेमारी:
इनकम टैक्स विभाग की दूसरी टीम दोपहर एक बजे से राजपुर रोड स्थित शराब कारोबारी रामेश्वर हवेलिया के आवास पर पहुंची। सुरक्षा के तौर पर गेट पर एसएसबी के जवान लगे हुए थे।
जो अंदर था, वह अंदर ही रहा। किसी को भी बाहर नहीं आने दिया गया। देर रात तक इनकम टैक्स के अधिकारी यहां दस्तावेज खंगालने के साथ ही पूछताछ करते पाए गए। टीम ने यहां से टैक्स चोरी की आशंका में कई दस्तावेज जब्त कर लिए।