हरिद्वार। सड़क किनारे चौराहे की दीवार पर बैठकर बस का इंतजार कर रहे महिला व उसके बेटे को प्राइवेट बस ने अपनी चपेट में लिया। इस दौरान महिला के पैर कट गए, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चंडीघाट चौराहे पर कुछ यात्री बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान नजीबाबाद के जाब्तागंज निवासी महिला शहनाज अपने बेटे शाकिर के साथ चौराहे की दीवार पर बैठी हुई थी। बताया जा रहा है कि इस बीच मध्यप्रदेश नंबर की एक प्राइवेट बस वहां पहुंची। बस के चालक ने बस को दूसरे वाहन से बचाने के लिए बस को बिल्कुल चौराहे से सटा दिया। इससे चौराहे पर पैर लटकाकर बैठी शहनाज व उसका बेटा चपेट में आ गए।
बस के बीच में फंसने के कारण महिला के पैर कट गए। वहीं शाकिर घायल हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। नगर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घायलों को एम्स रेफर किया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।