कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि गंगा की सहायक नदियों में अवैध खनन हो रहा है। उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण विधायक और जिला प्रशासन के अधिकारियों पर अवैध खनन करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में राजीव चौधरी ने खनन का एक वीडियो जारी किया। दावा किया कि वीडियो लालढांग क्षेत्र की रवासन नदी से अवैध खनन का है। आरोप लगाया कि ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद एवं प्रशासन के संरक्षण होने से अवैध खनन बेरोकटोक हो रहा है। शिकायत के बाद भी अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। राजीव चौधरी ने कहा कि रवासन नदी में जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से गहरे गड्ढे खोद दिए हैं। अवैध खनन के चलते स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।