हरिद्वार। डंपर की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार ग्रामीण की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हरिद्वार-लक्सर मुख्य मार्ग पर शव रखकर तीन घंटे तक जाम रखा। मुआवजे की मंाग पर अड़े ग्रामीणों को जैसे-तैसे पुलिस अफसरान ने समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। इस बीच मुख्य मार्ग जाम करने के आरोप में जिला पंचायत सदस्य पुत्र बसपा नेता मुर्करम अंसारी समेत चार को नामजद करते हुए 200 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दुर्घटना सुबह करीब सात बजे गांव जियापोता में घटित हुई। गांव कटारपुर निवासी जुल्फिकार (35) पुत्र रशीद मोटरसाइकिल से कनखल की ओर से अपने गांव लौट रहा था। गांव जियापोता के पास पीछे की ओर से आ रहे एक डंपर ने उसकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साये ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनाने एवं मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ सिटी चंद्रमोहन सिंह, एसओ कनखल रितेश शाह, एसओ पथरी चंद्रभान सिंह अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर दिया। करीब तीन घंटे तक शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग पर डटे रहे ग्रामीण आखिर में पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए।
एसओ ने बताया कि मृतक के भाई मेहरबान की ओर से डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया है। इधर, मुख्य मार्ग जाम करने के आरोप में जिला पंचायत सदस्य लतीफन के पुत्र बसपा नेता मुर्करम अंसारी, गांव कटारपुर के आस मोहम्मद, ताहिर, इमरान समेत दो सौ अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-----------
दुर्घटना में युवक की मौत, एक घायल
हरिद्वार। देर रात हरिद्वार नजीबाबाद राजमार्ग पर रसियाबड़-बहारपीली के मध्य दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। थानाध्यक्ष महेश्वर पुर्वाल ने बताया कि बिजनौर के अहमजापुर थाना बडापुर के रहने वाले कुलेंद्र पुत्र तेजपाल व अरुण पुत्र रामचंद्र हरिद्वार की ओर रहे थे। मोटरसाइकिल फिसलने पर दोनों गिर गए। गंभीर रूप से घायल होने पर कुलेंद्र (28) की मौत हो गई जबकि उसके घायल साथी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ ने बताया कि मोटरसाइकिल चला रहे कुलेंद्र ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।