कनखल पुलिस की गिरफ्त में चोरी की योजना बनाने के आरोपी।
- फोटो : HARIDWAR
कनखल पुलिस ने चोरी की योजना बनाते दो शातिर चोरों को बीती देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कटर ब्लेड, हथोड़ा आदि चोरी में प्रयोग किए जाने वाले सामान भी बरामद किए हैं। आरोपियों पर चोरी के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
शुक्रवार की देर रात करीब 1:30 बजे जगजीतपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह रावत पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान पुराने शराब के ठेके के पास उन्हें कुछ युवकों की आवाज सुनाई दी। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले। मामला संदिग्ध दिखाई देने पर जब पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से दो कटर लोहे के ब्लेड, हथोड़ा आदि सामान बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के क्षेत्रों में चोरी करने की योजना के बारे में भी बताया। पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर देर रात ही चौकी ले आई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुमित निवासी जमालपुर कला अमन उर्फ काला निवासी जगजीतपुर बताया है। जगजीतपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं। आरोपी सुमित पर 10 मुकदमे और अमन पर चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।